Sirsa News : सिरसा में सफाई के कारण बिगड़ी पूरी व्यवस्था, करोड़ों खर्च करने के बाद भी हालात खस्ता
प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। सफाई के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
Apr 12, 2026, 10:37 IST
Newz Fast, सिरसा। जारी बयान में मोहित ने कहा कि गलियों और सड़कों पर जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई एरिया में नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही। नालियां जाम हैं, सड़कों पर कचरा फैला हुआ है और बदबू से लोगों का जीना दूभर हो गया है। मोहित शर्मा ने कहा कि यह स्थिति न सिर्फ शहर वासियों के स्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि शहर की छवि को भी धूमिल कर रही है।
उन्होंने कहा कि सबसे चिंता की बात यह है कि नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की कमी लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है। कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही, जिसका खामियाजा शहर वासियों को भुगतना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर के हर कोने में अव्यवस्था का आलम है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है और नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित हैं। जमीनी हकीकत यह है कि लोग गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं। मोहित शर्मा ने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में भी शहर लगातार पिछड़ता जा रहा है, जो इस बात का प्रमाण है कि नप प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। मोहित ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं तथा सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती की जाए।